ईरान ने बहरीन में इजराइली दूतावास, कतर में एयर बेस को बनाया निशाना

तेहरान/तेल अवीव, 06 मार्च । अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष ने पश्चिम एशिया के अधिकांश इलाके काे अपनी चपेट में ले लिया है। ईरान खाड़ी के देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उससे संबंधित इलाकों को लगातार निशाना बना रहा है। गुरुवार देर रात बहरीन की राजधानी मनामा में फाइनेंशियल हार्बर टावर्स को निशाना बनाया गया। वहीं बहरीन, कतर, सऊदी अरब और जॉर्डन में एयर डिफेंस सिस्टम लगातार उसके हमलों को इंटरसेप्ट कर रहे हैं। मौजूदा हालात के मद्देनजर कई देशों ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर लोगों से घरों में रहने की अपील की है।

तुर्किये की सरकारी न्यूज एजेंसी अनादोलु एजेंसी और ईरान की न्यूज एजेंसी फार्स के अनुसार बहरीन की राजधानी मनामा में रात के समय हुए हमलों में फ़ाइनेंशियल हार्बर टावर्स और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया गया, जहां शहर में इज़राइली दूतावास स्थित है। बहरीन डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा कि ईरान की ओर से बहरीन के क्षेत्र को निशाना बनाकर दागी गई 78 मिसाइलें और 143 ड्रोन एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिए। बहरीन डिफेंस फोर्स अपने सैनिकों की तैयारी और सतर्कता की सराहना करते हुए नागरिकों से घरों में रहने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है।

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि सेंट्रल अल-खारज गवर्नरेट के पूर्व में एक क्रूज मिसाइल को इंटरसेप्ट कर दिया। बाद में मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि रियाद क्षेत्र के पूर्व में तीन ड्रोन को भी मार गिराया गया।

उधर कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी एयर डिफेंस फोर्स ने दोहा स्थित अल उदीद एयर बेस को निशाना बनाकर किए गए एक ड्रोन हमले को विफल कर दिया। यह एयर बेस अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना माना जाता है। दोहा में सुबह करीब 4 बजे धमाकों की जोरदार आवाजें सुनीं गयीं, जो ईरान से आए ड्रोन को इंटरसेप्ट करने के दौरान हुई थीं। पिछले पांच दिनों में सैन्य बेस को निशाना बनाकर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से एक को इंटरसेप्ट कर लिया गया जबकि दूसरी अपने लक्ष्य तक पहुंची, हालांकि नुकसान को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

उन्होंने बताया कि कतर में सभी संवेदनशील इलाकों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ईरान की ओर से पूरे गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और अन्य लक्ष्यों को निशाना बनाने का एक पैटर्न दिखाई दे रहा है और आने वाले दिनों में ऐसे हमले जारी रहने की आशंका बनी हुई है। इससे पहले अधिकारियों ने सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से घरों के अंदर रहने और खिड़कियों तथा खुली जगहों से दूर रहने की सलाह दी थी। गुरुवार को भी दोहा में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं।

इधर यूरोपीय संघ के नेताओं ने खाड़ी देशों के प्रति समर्थन जताया है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास और अन्य नेताओं ने ब्रसेल्स में जीसीसी अधिकारियों के साथ बैठक कर खाड़ी देशों के खिलाफ ईरान के हमलों की निंदा की। वहीं शुक्रवार को जॉर्डन के शहर इरबिद में भी एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए।