तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, बम्हनीडीह में सड़क हादसा

जांजगीर-चांपा, 22 मार्च (हि. स.)। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोठी में आज हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम गोस्वामी, निवासी सपनई पाली (जिला सक्ती) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुभम गोस्वामी अपने जीजा संजय गोस्वामी के घर घूमने के लिए आया हुआ था। इसी दौरान आज रविवार सुबह वह अपनी माेटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल धर्म अस्पताल चांपा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक हिरेश पटेल मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हसदेव नदी से अवैध रेत उत्खनन और तेज रफ्तार में ट्रैक्टरों का परिवहन लगातार जारी है, जिससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।