रांची में सीएनजी ऑटो चालकों का धरना, अवैध पार्किंग वसूली पर रोक की मांग

रांची, 08 अप्रैल । रांची में झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ के बैनर तले बुधवार को लोक भवन के पास धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना अरगोड़ा, आईटीआई, रातू रोड और एचईसी क्षेत्र में पार्किंग के नाम पर हो रही कथित अवैध वसूली के विरोध में आयोजित किया गया।

धरना की अध्यक्षता करते हुए महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि अवैध वसूली पर रोक लगाने से राजस्व में वृद्धि होगी और ऑटो चालकों को राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा पार्किंग के नाम पर अवैध शुल्क वसूला जा रहा है।

उन्होंने मांग की कि पार्किंग शुल्क को ग्लोबल टेंडर के माध्यम से निर्धारित किया जाए, ताकि एक ही टोकन से पूरे नगर निगम क्षेत्र में ऑटो चालक अपना वाहन चला सकें। इससे गरीब चालकों को आर्थिक राहत मिलेगी।

महासंघ ने नगर निगम क्षेत्र में 5000 अतिरिक्त ऑटो परमिट जारी करने और 3000 ई-रिक्शा के लिए पास निर्गत करने की भी मांग की। साथ ही, नई व्यवस्था लागू होने तक थाना स्तर पर हो रही वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई गई।

धरना के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रांची के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा, जिसकी प्रतिलिपि नगर आयुक्त और यातायात पुलिस अधीक्षक को भी दी गई।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राकेश कुमार सिंह, यूनियन अध्यक्ष अर्जुन यादव, कोषाध्यक्ष भोला सिंह, संगठन मंत्री आनंद वर्मा और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक मौजूद रहे।

———