अंतरराज्यीय भैंस चोर गैंग व पुलिस के साथ मुठभेड़ तीन शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

बांदा, 03 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में थाना कोतवाली देहात और एसओजी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात कोतवाली देहात और एसओजी की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी करने वाला गिरोह चहितारा गांव की तरफ से चोरी की भैंसों को बेचने के लिए ले जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। तभी एक पिकअप लोडर संदिग्ध अवस्था में आता दिखा, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देख अभियुक्त भागने लगे, लेकिन उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल के पास दीवार से टकरा गई।

पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें फिरोज खान उर्फ अनीश के पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। बाकी दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

चंदन पुत्र रामदीन निवासी खैदीपुर मजरा सेमरी थाना असोथर जनपद फतेहपुर, पंकज सिंह पुत्र रामचन्द्र निवासी ग्राम बंशूपुरवा थाना खागा जनपद फतेहपुर शामिल है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पिकअप लोडर से रात में विभिन्न जनपदों में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने 20/21 फरवरी को थाना बिसंडा, 10/11 मार्च को कोतवाली नगर और 24/25 मार्च को कोतवाली देहात क्षेत्र में भैंस चोरी की घटनाएं की थीं।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 भैंस/पड़िया/पड़ा, 95 हजार रुपये नकद, एक पिकअप लोडर (घटना में प्रयुक्त), 2 अवैध तमंचे, 2 जिंदा कारतूस और 4 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह अब तक करीब 10 भैंस चोरी कर चुका था, जिनमें से 7 भैंसों को पहले ही उन्नाव के स्लॉटर हाउस में कटवाया जा चुका है। मुख्य आरोपी फिरोज खान उर्फ अनीश पर गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 2 अप्रैल को देर रात थाना कोतवाली देहात व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा अर्न्तराज्यीय भैंस चोरी करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक अभियुक्त के पैर में लगी गोली है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन भैंस बरामद की है।अभियुक्त पूर्व नियोजित योजना के तहत रात्रि में चोरी की घटना को अंजाम देते थे जनपद बांदा के थाना बिसण्डा , कोतवाली नगर , कोतवाली देहात से विभिन्न स्थानों में चोरी की गई भैंस/पडिया को ले जाकर जनपद उन्नाव के स्लाटर हाउस में कटवा देते थे।