“गड़ा हुआ सोना” का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

जबलपुर, 06 अप्रैल । मध्य प्रदेश के जबलपुर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए “गड़ा हुआ सोना” दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद, 84 ग्राम असली सोने की गिन्नियां, लगभग 20 किलो नकली सोना और 11 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में पन्नालाल राठौर, धर्मेन्द्र राठौर, वीरेन्द्र राठौर और रामादेवी राठौर शामिल हैं। सभी आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के निवासी हैं और आपस में एक ही परिवार से संबंध रखते हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह और क्राइम डीएसपी उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को मजदूर बताकर लोगों को “गड़ा हुआ सोना” मिलने की कहानी सुनाते थे। विश्वास जीतने के लिए पहले असली सोने की गिन्नियां दिखाते, फिर सस्ते दाम पर ज्यादा सोना देने का लालच देकर नकली सोना थमा देते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तीन अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को लाखों से लेकर एक करोड़ रुपये तक की चपत लगाई। एक मामले में 7 किलो, दूसरे में 5 किलो और तीसरे में 12 किलो नकली सोना देकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के झांसी में होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने वहां दबिश देकर सभी को हिरासत में लिया और जबलपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पनागर में किराए का मकान लेकर ठगी की रकम छिपाना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पनागर स्थित ठिकाने से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।