जांजगीर-चांपा में जल आवर्धन योजनाओं का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर ठेकेदार को लगाई फटकार

जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल (हि. स.)। जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने आज शुक्रवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिवरीनारायण और खरौद नगरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन जल आवर्धन योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, जल स्रोत से कनेक्टिविटी सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता के मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो।

खरौद में निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी गति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पामगढ़ समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन जल शुद्धिकरण संयंत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, निर्माण गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि योजना का कार्य जल्द पूरा कर आमजन को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम, सीएमओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।