उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता के लिए खूंटी में बना 14 परीक्षा केंद्र

खूंटी, 01 अप्रैल । झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को समीक्षा बैठक की गई।

बैठक में बताया गया कि 12 अप्रैल को जिले में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिसमें कुल 4668 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में हाेगी।

उपायुक्त ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में संचालन सुनिश्चित करने के

लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, स्टेटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की तैनाती एवं माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इसे लेकर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।