रांची, 05 अप्रैल । झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक 21 मिलीमीटर बारिश रामगढ़ में रिकॉर्ड की गई, जबकि रांची में 18.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
राज्य के अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इनमें बरही में 12.4 मिमी, चाकुलिया में 8.6 मिमी, बुढ़मू में 7.8 मिमी, बोकारो थर्मल में 6.8 मिमी, मांडर में 6.6 मिमी, चाईबासा में 6.1 मिमी, मुरहू में 6 मिमी और कोडरमा डीवीसी में 5.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 6, 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 9 अप्रैल तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 39.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर में आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। तड़के हुई बारिश के कारण लोगों को ठंडक का एहसास हुआ।
तापमान की बात करें, तो रांची में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 39.5 और न्यूनतम 21.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.8 और न्यूनतम 21.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.5 और न्यूनतम 20.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
————