पश्चिमी सिंहभूम, 06 अप्रैल । जिले के सदर अस्पताल चाईबासा में एक सप्ताह के भीतर हुई तीन चोरी की घटनाओं में सोमवार को कुल चार चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपितों में दो युवक मोबाइल चोरी करते हुए, एक युवक नर्सिंग कॉलेज परिसर में संदिग्ध अवस्था में और एक अन्य साइकिल चोरी कर भागते समय पकड़ा गया। सभी आरोपितों को पहले लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा, जिसके बाद सुरक्षा जवानों ने उन्हें सड़क पर घुमाते हुए जुलूस निकाला।
जानकारी के अनुसार, 01 अप्रैल को अस्पताल परिसर में दो युवक एक मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी करते हुए पकड़े गए। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद 03 अप्रैल को दूसरी घटना नर्सिंग कॉलेज परिसर में सामने आई, जहां एक युवक चोरी की नीयत से घुसा था। लोगों की सतर्कता से उसे भी पकड़ लिया गया और उसकी भी भीड़ ने पिटाई कर दी।
तीसरी घटना में एक चोर साइकिल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसकी भी जमकर धुनाई कर दी।
इन घटनाओं के बाद झारखंड गृह रक्षक के जवान मोहम्मद जुनेद आलम और अस्पताल के सुरक्षा गार्डों ने पकड़े गए चारों चोरों को सबक सिखाने के उद्देश्य से सड़क पर घुमाते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान काफी संख्या में लोग जुट गए और चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई।
सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि अस्पताल में हर समय बड़ी संख्या में मरीजों के साथ अटेंडर मौजूद रहते हैं, जिससे संदिग्ध लोगों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।