पूर्वी सिंहभूम, 08 अप्रैल । पूर्वी सिंहभूम में अपराध पर लगाम कसने के तहत परसुडीह थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भूमिज टोला गदड़ा स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के पास कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से रोशन सिंह उर्फ पाका, रोशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली, आजाद पाल उर्फ बॉबी पॉल और शिवनारायण रजक उर्फ चीतू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल अपराध की योजना बनाने में किया जा रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित किसी बड़े घर या प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की तैयारी में थे। सभी गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ परसुडीह, गोविंदपुर, पोटका और टेल्को थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए मगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शिवाशीष ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर सभी आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।————-