पूर्वी सिंहभूम, 08 अप्रैल । शहर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक के पास बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक डिमना लेक के समीप एक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था।
इसी दौरान तेज कड़क के साथ बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है ताकि युवक की पहचान हो सके और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।