मप्रः महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने महिला-बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से की सौजन्य भेंट

भोपाल, 09 अप्रैल । मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से गुरुवार को उनके भोपाल स्थित निवास पर प्रदेश की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर तथा भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्य क्रांति गौड़ ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर खेलों के विकास, विशेषकर महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने, ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने तथा युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियां पूरे मध्य प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है और इससे अन्य युवतियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने मंत्री निर्मला भूरिया से अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को समय पर उचित प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और मार्गदर्शन मिले, तो प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सफलता प्राप्त कर सकती हैं।

क्रांति गौड़ ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें बेहतर कोचिंग, प्रशिक्षण सुविधाएं तथा आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर नियमित खेल गतिविधियों के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और अधिक प्रतिभाएं सामने आयेंगी।

मंत्री निर्मला भूरिया ने क्रांति गौड़ की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्रांति गौड़ अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम निरंतर रोशन करेंगी तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी।