अभिनेत्री सोनम कपूर ने पति आनंद आहूजा के साथ 29 मार्च को अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया। अब उन्होंने नवजात की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
शेयर की गई तस्वीरों में सोनम मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में बेड पर आराम करती नजर आ रही हैं, जबकि उनका नन्हा बेटा उनके सीने से लगा हुआ दिखाई दे रहा है। दूसरी तस्वीर में अभिनेत्री को अस्पताल का खाना खाते हुए देखा जा सकता है। सोनम ने पोस्ट के साथ अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार जताया। उन्होंने खासतौर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अवन दादिना को अपनी दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान सहयोग और देखभाल के लिए धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि सोनम ने 20 नवंबर 2025 को अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। 29 मार्च को वह दूसरी बार मां बनीं। इससे पहले साल 2022 में उन्होंने अपने पहले बेटे वायु को जन्म दिया था। फिलहाल सोनम फिल्मों से दूर अपने परिवार के साथ समय बिता रही हैं।