बाढ़ व अतिवृष्टि से प्रभावित जालाैन के किसानों को चार करोड़ से अधिक की सहायता राशि वितरित

उरई, 02 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति के लिए प्रशासन ने सर्वे कर पात्र किसानों को मुआवजा वितरित किया है।

जिले में बाढ़ से 3794.95 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल को नुकसान पहुंचा। इससे प्रभावित सात हजार 684 किसानों को कुल तीन करोड़ 35 लाख 33 हजार 625 रुपये की धनराशि वितरित की गई। वहीं अतिवृष्टि से 789.48 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ। इससे प्रभावित 703 किसानों को 68 लाख 62 हजार 958 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार कुल आठ हजार 387 किसानों को चार करोड़ तीन लाख 96 हजार 583 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित सर्वेक्षण कर पारदर्शी ढंग से राहत राशि वितरित की जाती है। उन्होंने बताया कि यह सहायता किसानों को दोबारा खेती के लिए संबल प्रदान करेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी किसी प्रकार की फसल क्षति होने पर तत्काल सर्वे कर समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सहायता राशि वितरित की जाए। इस हेतु अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को नोडल अधिकारी नामित कर उन्हें निर्देशित कर दिया गया है कि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना प्रशासन को भी दें, जिससे समय पर सहायता सुनिश्चित की जा सके।