प्रयागराज, 01 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में आने वाले चौबीस घंटे के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि बुधवार की भोर से ही प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ रुक रुककर बारिश भी हुई है।
सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम विभाग की सूचना के अनुसार अगले तीन घंटों के भीतर प्रदेश के कई जनपदों में बिजली, मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ तूफान की संभावना जताई गई है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ एस.एन.सुनील पांडेय का कहना है कि ऐसा मौसम आने वाले चौबीस घंटे बने रहने की संभावना है।
अलर्ट के दायरे में अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बहराईच, बाराबंकी, बस्ती, भदोही, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव जनपद शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
प्रयागराज में देर रात करीब 2 बजे से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा और सुबह करीब 7:30 बजे तक मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी होती रही।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।