श्रीगंगानगर, 05 अप्रैल । जिले के लालगढ़ जाटाना पुलिस थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज युवक और उसके 4 साथियों ने सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई। एलपीजी से भरे सिलेंडर बिखर गए। गनीमत रही कि ट्रॉली पलटने के बाद सिलेंडर फटे नहीं, वरना खेत में खड़ी गेहूं और जौ की फसल में आग लग जाती।
बाबू इण्डेन गैस एजेंसी के मालिक ऋतुराज गुर्जर ने 4 अप्रैल की शाम 5 बजे एफआईआर दर्ज करवाई है। आरोप है कि वारदात के बाद युवक और उसके चार साथियों ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उनसे नकदी छीनने का भी प्रयास किया। इस घटना के बाद से एजेंसी ने गैस की सप्लाई बंद करने की धमकी दी है।
एजेंसी के संचालक भीमसेन गुर्जर ने बताया कि फिलहाल गैस सप्लाई जारी है। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग करवाई थी, उन्हें सिलेंडर पहुंचा दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मारपीट और टकराव की घटना के बावजूद यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो गांव दलियांवाली में गैस सप्लाई बंद कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिला गैस यूनियन को दे दी गई है और आगे का निर्णय यूनियन से चर्चा के बाद लिया जाएगा।