मेरठ, 09 मार्च (हि.स.)। शोभित इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी मोदीपुरम में शनिवार को छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन का वितरण किया गया। स्मार्ट फोन पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
उत्तर प्रदेश सरकार की ’स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत शनिवार को शोभित विश्वविद्यालय में वर्ष 2023-24 के छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। मुख्य अतिथि मेरठ मंडल के अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. गणेश भारद्वाज, डॉ. दिव्या प्रकाश, डॉ. वीके त्यागी, डॉ. प्रमोद कुमार गोयल, उप कुलसचिव रमन शर्मा ने स्मार्ट फोन वितरित किए।
अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की इस महत्त्वपूर्ण योजना के माध्यम से प्राप्त हुए टैबलेट, स्मार्टफोन से छात्र बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा यह टेबलेट, स्मार्टफोन आने वाले समय में छात्रों को नौकरी ढूंढने में भी सहायता प्रदान करेंगे। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा डिजिटल एक्सेस भी प्रदान की जाएगी। जिससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में काफी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी सुनील कश्यप के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के निदेशक प्रो. राजुल दत्त, डॉ. राकेश कुमार जैन, विश्वविद्यालय के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अभिषेक डबास आदि उपस्थित रहे।