देहरादून, 18 मार्च (हि.स.)। भिक्षावृत्ति पर प्रभावी रोकथाम लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने सोमवार को तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है।
दरअसल, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट देहरादून की टीम को क्रॉसरोड मॉल ईसी रोड देहरादून के पास सोमवार को तीन महिलाएं आने-जाने वाले वाहनों को रोककर भीख मांगते हुए मिलीं। इससे आने-जाने वालों लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यातायात भी बाधित हो रहा था। मौके पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने भीख मांगने वाली तीनों महिलाओं सुमरिया (58) पत्नी हिरालाल परसोधर, गीता बसोर (32) पत्नी रामकरन बसौर व इंद्रकली (25) पत्नी सौदागर निवासी सिंगरौली मध्य प्रदेश हाल पता आईएसबीटी झुग्गी झोपड़ी देहरादून को मौके पर हिरासत में लेकर थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज कराया।