बॉलीवुड के फिल्म निर्माता एवं निर्देशक अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने कहा है कि उनसे मिलने के लिए उन्हें पैसे देने होंगे। अनुराग ने नए उभरते कलाकारों के लिए प्राइस लिस्ट तय कर दी है। अनुराग ने इस पोस्ट में कहा, मैं अपना कीमती समय बर्बाद नहीं करना चाहता, इसलिए जो भी मुझसे मिलना चाहता है उसे अभी भुगतान करना होगा।
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई पोस्ट में अनुराग ने लिखा, ”अब तक मैंने नए लोगों की मदद करने की कोशिश में बहुत समय बर्बाद किया है, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। इसलिए अब मैं अजनबियों से मिलकर समय बर्बाद नहीं करना चाहता। मेरे ख्याल से जो लोग बहुत रचनात्मक और प्रतिभाशाली हैं, अगर वे मुझसे मिलना चाहते हैं तो मैंने उनके लिए दरें तय कर दी हैं। अगर कोई मुझसे 10-15 मिनट के लिए मिलना चाहता है तो मैं 1 लाख रुपए, आधे घंटे के लिए 2 लाख रुपए और एक घंटे के लिए 5 लाख रुपये चार्ज करूंगा। मैं लोगों से मिलकर थक गया हूं। अगर वाकई आपको लगता है कि आप मुझे अफॉर्ड कर सकते हैं। मुझे कॉल करें या मुझसे दूर रहें और हां पहले पैसे चुकाने होंगे।”
इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में कॉल या मैसेज न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मैसेज मत करो, डीएम करो या मुझे कॉल करो। तुम भुगतान करो, मैं तुम्हें समय दूंगा। अनुराग ने इसे कैप्शन दिया, मैं दान-पुण्य करने के लिए नहीं बैठा हूं और मैं शॉर्टकट ढूंढने वाले लोगों से थक गया हूं। अनुराग की पोस्ट पर कई लोग कमेंट कर रहे हैं। इस पर उनकी बेटी आलिया ने भी कमेंट किया है। आलिया ने पोस्ट पर टिप्पणी की, “मैं इसे उन लोगों को भेज रही हूं जो मुझे स्क्रिप्ट, संदेश और ईमेल भेज रहे हैं।”