-जगदगुरू को मिली इस बडी उपलब्धि से चित्रकूट में खुशी की लहर
चित्रकूट,30 मार्च (हि.स.)। पद्म विभूषण और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय संत श्री चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के ऑफिशल युटुब चैनल पर 10 लाख फॉलोअर्स होने पर यूट्यूब द्वारा अमेरिका से गोल्ड बटन भेज कर सम्मानित किया गया है। जगदगुरु रामभद्राचार्य ने इस बडी उपलब्धि के लिए समस्त देशवासियों एवं शिष्यों का आभार जताया है।
शनिवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के उत्तराधिकारी एवं श्री तुलसी पीठ के युवराज आचार्य रामचंद्र दास महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि परम पूज्य गुरुदेव जगदगुरू रामभद्राचार्य महाराज के ऑफिशल युटुब चैनल पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स होने पर यूट्यूब द्वारा अमेरिका से गोल्ड बटन भेजकर जगदगुरू को सम्मानित किया गया है।उन्होंने कहा कि यह देश के साथ-साथ भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के लिए बडी उपलब्धि हैै।
वहीं जगदगुरू को मिली इस बडी उपलब्धि से चित्रकूट के साधू-संतों,जनप्रतिनिधियों एवं राजनेताओं में खुशी की लहर है। कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत मदन गोपाल दास महाराज,भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवन दास महाराज,मत गजेंद्र नाथ मंदिर के पुजारी प्रदीप महाराज आदि ने खुशी जताते हुए कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ने पद्म विभूषण और ज्ञानपीठ जैसे पुरस्कार से पहले ही चित्रकूट को गौरवान्वित किया था। अब यह एक और बडी उपलब्धि चित्रकूट को प्राप्त हुई है। जगदगुरू की कथाओं को सुनने और देखने वालों की संख्या पूरे विश्व में 10 लाख से ज्यादा होने पर यह सम्मान मिला है। इसके लिए जगदगुरू बधाई के पात्र है। वहीं बांदा-चित्रकूट के सांसद आर के सिंह पटेल ने अंतर्राष्ट्रीय संत श्री तुलसी पीठाधीश्वर जगदगुरू रामभद्राचार्य महाराज के ऑफिशल युटुब चैनल पर 10 लाख फॉलोअर्स पूरे होने पर यूट्यूब द्वारा अमेरिका से गोल्ड बटन भेजे जाने पर खुशी जताते हुए बधाई दी है।