स्टेरॉयड से होने वाले फायदे और नुकसान को समझकर ही इसका प्रयोग किया जाए: प्रो. रवींद्रन

वाराणसी, 30 मार्च (हि.स.)। इंडियन रूमेटोलॉजी संगठन के सचिव प्रो. विनोद रवींद्रन ने स्टेरॉयड ग्रुप की दवाओं के फायदे और नुकसान पर शनिवार को बेबाकी से अपनी बात रखी। बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में आयोजित “स्टेरॉयड: हमारे मित्र या शत्रु” विषयक व्याख्यान में प्रो. रवींद्रन ने कहा कि मेडिकल साइंस के लगभग सभी विभाग में स्टेरॉयड का उपयोग किया जाता है और इसके दुरुपयोग से शरीर का कोई भी अंग अप्रभावित नहीं रहता। उन्होंने मुख्य रूप से लो और हाई डोज स्टेरॉयड के फर्क पर चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि आवश्यक है कि स्टेरॉयड से होने वाले फायदे और नुकसान को समझकर ही इसका प्रयोग किया जाए।

कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के डायरेक्टर प्रो. एस.एन. शंखवार ने अतिथि वक्ता प्रो. रवींद्रन को पुष्प गुच्छ और डीन मेडिसिन प्रोफेसर अशोक चौधरी ने एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर डीन आयुर्वेद प्रोफेसर पी.के. गोस्वामी, डीन डेंटल साइंसेज प्रोफेसर एच.सी. बरनवाल, मेडिसिन विभागध्यक्ष प्रोफेसर धीरज किशोर, प्रोफेसर जया चक्रवर्ती, प्रोफेसर ललित मीणा, डॉ नीलेश कुमार, डॉ रंजन भटनागर, डॉ अभिषेक पाठक, डॉ ईशान मिश्रा, डॉ संजय यादव आदि भी मौजूद रहे।