हरिद्वार, 03अप्रैल (हि.स.)। कनखल थाने में एक महिला ने फर्जी बैनामा कर उससे 18 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच जारी है।
कनखल थाना प्रभारी भावना कैंथोला के अनुसार देवपुरा निवासी आरती ने बताया कि उसका बेटा गुरु रामराय पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में अध्ययनरत है। वह अक्सर अपने बेटे को छोड़ने के लिए स्कूल आती-जाती रहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात स्कूल के कर्मचारी किशोर कुमार से हुई। आरोप है कि किशोर कुमार ने उसे जमालपुर कलां में एक भूखंड दिलाने की बात कहते हुए उसकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र कुमार कपिल निवासी तपोवन नगर ज्वालापुर से करवाई।
प्रॉपर्टी डीलर ने डॉ. विशाल उपाध्याय नाम के व्यक्ति से उसकी मुलाकात कराते हुए भूखंड स्वामी होने की बात कही। जिसके बाद सौदा 18 लाख 89 हजार रुपये में तय हो गया। पूरी रकम अदा कर देने के बाद उसके हक में बैनामा भी करा दिया गया, लेकिन जब वह भूखंड पर निर्माण कराने पहुंची तब सामने आए भूखंड स्वामी ने अपना नाम विशाल उपाध्याय बताया। जबकि उसे बैनामा करने वाला शख्स दूसरा था। उसके मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क करने पर मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इस संबंध में जब किशोर और बिजेंद्र कुमार कपिल से बातचीत करनी चाही तब उन्होंने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।