प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 28 सदस्यीय एक वर्षीय कार्यकारिणी का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को सम्पन्न हुआ। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान चला। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरे के जरिए की जा रही थी। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कुल 8246 वोट पड़े। वोटों की गिनती पांच अप्रैल से शुरू होगी।
मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ज्यादातर बूथों पर वोटरों की लम्बी लाइन लगी हुई थी। बीच में मतदान की गति धीमी चली। ज्यादातर पदों पर इस बार बहुकोणीय और नजदीकी मुकाबला हो रहा है।
मुख्य चुनाव अधिकारी वी एम जैदी के नेतृत्व में चुनाव समिति मंच से मतदान स्थल की निगरानी लगातार की जा रही थी। मतदान कार्य में बार एसोसिएशन कर्मचारियों एवं सैकड़ों अधिवक्ताओं की मदद ली गई। कोर्ट परिसर में लगभग सन्नाटा पसरा रहा। अदालतों में न्यायिक कार्य भी सुचारू रूप से चला। अदालतों में नो एडवर्स आदेश का पालन भी किया गया। प्रत्याशी व समर्थक अधिवक्ता मतदेय स्थल के बाहर अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करते रहे। अधिवक्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। मतदाता पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।