छतरपुर: अवैध शराब को एफएसटी ने किया जब्त, आरोपित गिरफ्तार

छतरपुर, 4 अप्रैल (हि.स.)। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे मतदाताओं को लुभाने के प्रयास भी शुरु हो गए हैं। ग्रामीण अंचलों के मदिरा के शौकीनों को नि:शुल्क शराब पिलाकर वोट बैंक पर निशाना साधा जा रहा है। दूसरी ओर जिला प्रशासन और पुलिस लगातार जिले की सीमाओं पर निगरानी करते हुए अवैध ढंग से जिले के भीतर लाई जा रही शराब को पकडऩे में जुटी हुई है। गुरूवार को बमीठा थाना क्षेत्र में एफएसटी टीम द्वारा एक कार से 30 पेटी अवैध बियर जब्त की गई है, जो कि ग्रामीण अंचलों में बांटने के लिए ले जाई जा रही थी। जब्त शराब को एफएसटी टीम ने बमीठा पुलिस के हवाले किया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक एफएसटी टीम बमीठा थाना क्षेत्र में पन्ना जिले की सीमा टौरियाटेक पर वाहन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान बोलेरो कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 30 पेटी बियर मिली, जिनमें 10 पेटी किंगफिशर, 10 पेटी लेबोन बोतल और 10 पेटी लेबोन केन शामिल थी। एफएसटी टीम ने संपूर्ण बियर के साथ कार और आरोपी को पकड़कर बमीठा पुलिस के हवाले किया, जहां मामला पंजीबद्ध कर आगे की कार्यवाही की गई। एफएसटी टीम के प्रभारी डॉ. पूरन लाल प्रजापति ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि है यह बियर चुनाव प्रभावित करने की मंशा से ग्रामीण अंचलों में बांटने के लिए लाई गई थी। कार्यवाही करने वाली टीम में अतुल चतुर्वेदी, राजेश सिंह, केएल रजक, कुंजन सिंह, मुकेश रजक शामिल रहे।

घुवारा पुलिस ने पकड़ी 42 पेटी अवैध शराब

वहीं दूसरी घुवारा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने 42 पेटी अवैध शराब जब्त करने की कार्यवाही की है। चौकी प्रभारी प्रमोद रोहित ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो कार अवैध शराब भरकर शाहगढ़ से टीकमगढ़ की ओर जा रही है। उक्त सूचना के आधार पर संबंधित बोलेरो वाहन को चौकी प्रभारी ने अपनी टीम की मदद से पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 42 पेटी देशी शराब मिली, जिसके दस्तावेज चालक के पास नहीं थे। उक्त शराब और वाहन के साथ पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित वाहन चालक का नाम महेंद्र लोधी निवासी टीकमगढ़ है। जब्त 378 लीटर अवैध शराब की कीमत 1 लाख 36 हजार 500 रुपए आंकी गई है। आरोपित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया।