पन्ना, 5 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी मीरा दीपनारायण यादव का नामांकन फॉर्म निरस्त हो गया है। फॉर्म पर निश्चित जगह हस्ताक्षर नहीं करने और पुरानी नामावली लगाने के चलते पन्ना जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने नामांकन फॉर्म खारिज कर दिया है। नामांकन रद्द होने के खिलाफ सपा प्रत्याशी मीरा यादव उच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रही हैं।
मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से इंडी गठबंधन की ओर से सपा को मात्र एक खजुराहो सीट दी गई है, जहां से सपा ने मीरा यादव को उम्मीदवार बनाया गया, जबकि कांग्रेस 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
पन्ना जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने मीरा यादव का नामांकन पत्र खारिज कर दिया है, क्योंकि उन्होंने ‘बी फॉर्म’ पर हस्ताक्षर नहीं किए थे और 2023 विधानसभा चुनाव मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति संलग्न करने में भी वह असफल रही थीं। भाजपा ने खजुराहो से मौजूदा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।
नामांकन निरस्त होने के बाद मीरा यादव के पति दीप नारायण यादव ने कहा कि वे रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच के बाद फॉर्म का सत्यापन किया गया। नियम है कि अगर कोई गड़बड़ी है तो उसे ठीक कराना रिटर्निंग ऑफिसर का कर्तव्य है, भले ही उम्मीदवार अनपढ़ हो। उन्होंने यह भी कहा कि नामांकन फार्म गुरुवार तक तो ठीक था लेकिन शुक्रवार को जांच में दो कमियां निकाल दीं। पहली, फॉर्म के साथ लगी मतदाता सूची प्रमाणित नहीं है या पुरानी है। दूसरी- दो जगह हस्ताक्षर कराना था लेकिन केवल एक ही स्थान पर हस्ताक्षर किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें तीन अप्रैल तक मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति नहीं मिली और इसलिए जो प्रति उपलब्ध थी, उसे संलग्न कर दिया।
इंडी गठबंधन के समझौते के चलते कांग्रेस ने खजुराहो सीट सपा को दी थी। नामांकन पत्र जमा करने के समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा सहित अन्य कांग्रेस नेता पहुंचे थे। नामांकन निरस्त होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ये लोकतंत्र के साथ मजाक है, जनता के वोट के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। पटवारी ने कहा कांग्रेस पार्टी, इंडी गठबंधन और समाजवादी पार्टी इसका विरोध करेगी।
मीरा यादव का नामांकन निरस्त होने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से कहा है कि खजुराहो सीट से इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त करना लोकतंत्र की सरेआम हत्या है। कहा जा रहा है कि हस्ताक्षर नहीं थे तो फिर देखने वाले अधिकारी ने फॉर्म लिया ही क्यों।
इसको लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव लड़ने से पहले ही गठबंधन हार चुका है।