नैनीताल, 04 मई (हि.स.)। नैनीताल जिला मुख्यालय के निकट मुख्य सड़क व आबादी क्षेत्र के पास विलुप्तप्राय श्रेणी का शेड्यूल-1 में शामिल हिरन प्रजाति का ‘सराव’ नाम का वन्य जीव देखा गया। इस क्षेत्र में गत दिनों भीषण वनाग्नि लगी थी, और इसे बुझाने के लिये भारतीय सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की सेवाएं भी लेनी पड़ी थीं। इसलिये माना जा रहा है कि यह वन्य जीव वनाग्नि की वजह से भटककर यहां आ गया हो।
मामला नगर की नैनीताल-भवाली राज्य मार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब 4 किमी दूर आईटीआई के पास का है। यहां एक वयस्क सराव भटकी हुई सी अवस्था में सड़क के नीचे एक कलवर्ट के पास देखा गया। स्थानीय व्यवसायी शिवशंकर मजूमदार ने बताया कि शाम 4 बजे उन्होंने इसे देखा। पहले उन्होंने इसे भालू माना और फिर इसका फोटो लिया। माना जा रहा है कि वनाग्नि की वजह से खासकर जंगलों में सतह पर रहने वाले वन्य जीव अपने मूल स्थानों से कट गये हैं। वहीं यह भी है कि तब आग बुझ जाने के बाद इधर दूसरी बार जिला मुख्यालय के निकटवर्ती नैना रेंज में व खुर्पाताल क्षेत्र में फिर से वनाग्नि की घटनाएं होने लगी हैं। ऐसे में हिंसक वन्य जीवों के भी आबादी क्षेत्र में आने और यहां नुकसान पहुंचाने और सराव जैसे हिरन प्रजाति के वन्य जीवों के साथ शिकार किये जाने जैसी कोई घटना की संभावना भी जतायी जा रही है।