लोहता में निजी अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े अधेड़ ने फांसी लगाई

वाराणसी, 17 मई (हि.स.)। लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित एक निजी अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े एक अधेड़ युवक ने अस्पताल परिसर स्थित अपने आवास के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार को घटना की जानकारी पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। गोपालपुर स्थित सेंट मैरी हॉस्पिटल में मंगलूर कर्नाटक निवासी जॉन लोबो डॉल्फि(48) पुत्र पॉल लोबो एडमिनिस्ट्रेटर पद पर कार्यरत था। डॉल्फि को अस्पताल परिसर में ही आवास मिला हुआ था। बताया गया कि डॉल्फि डिप्रेशन से ग्रसित था एवं नशा मुक्ति केंद्र में उसका इलाज भी हो रहा था। भोर में उसने अपने कमरे में स्थित पंखे के हुक में फंदा बांध मौत को गले लगा लिया।