चम्पावत (लोहाघाट), 29 मई (हि.स.)। जनप्रतिनिधियों ने जनता की शिकायत पर पेयजल सप्लाई करने वाले टैंकों का निरीक्षण किया तो वे अवाक रह गए। उन्होंने पाया कि टैंकों में भारी गंदगी जमा थी। जिसे देखकर उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल संस्थान ने साफ पेयजल सप्लाई नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।
लोहाघाट नगर में विगत कई दिनों से जल संस्थान की पेयजल लाइनों में गंदा पानी आ रहा है। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद लाल वर्मा और सभासदों ने लोगों की शिकायत पर पेयजल स्रोत और टैंकों का निरीक्षण किया। जहां से पानी लिफ्ट होता है वहां का निरीक्षण किया गया और पाया गया कि मुख्य तीनों टैंकों के साथ-साथ जहां से पानी लिफ्ट होता है वहां भी काफी गंदगी का ढेर है। पेयजल टैंक में जूते चप्पल, कीड़े, मकोड़े, मेंढक और गंदगी तैर रही थी। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि नगर में साफ पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जल संस्थान, जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान निवर्तमान सभासद भुवन बहादुर, दीपक शाह, राज किशोर शाह, नवीन नाथ गोस्वामी, दीपा गोस्वामी, मीना ढेक, बिना कनौजिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य धौनी सीलिंग और दीपक नाथ गोस्वामी मौजूद रहे।