राजगढ़, 20 जून (हि.स.)। जिले की पुलिस टीम ने शादी समारोह में शामिल होकर सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी करने वाले आरोपितों को बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ियासांसी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 64 लाख रुपए कीमती सोने के गहने बरामद किए है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल के फंदा क्षेत्र में अंतर्राज्यीय अपराधियों के द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। भोपाल पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों के जरिए पाया कि आरोपित राजगढ़ के बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ियासांसी के रहने वाले है, जिस पर राजगढ़ पुलिस से संपर्क साधा गया। प्रकरण में 29 अप्रैल को दिनेश पुत्र माखनलाल राठौर निवासी सारंगपुर ने थाना खजूरी सड़क भोपाल में शिकायत दर्ज की, बीती शाम राधारीढ़ाणी होटल फंदा जिला भोपाल में भतीजी की सगाई कार्यक्रम आयोजित था, जहां से अज्ञात बदमाश गहनों से भरा बैग चोरी कर ले गए।विवेचना के द्वारा तकनीकी माध्यम से पता से लगा कि आरोपित राजगढ़ के बोड़ा थाना क्षेत्र के कड़ियासांसी के रहने वाले है। मामले में राजगढ़ पुलिस टीम ने पड़ताल शुरु की और एसपी के निर्देश पर कड़ियासांसी में 20 दिन तक केम्प लगाकर सर्वे किया गया।
पुलिस टीम ने लोकेशन के आधार पर आरोपित प्रिंस (18) पुत्र पुरुषोत्तम सिसोदिया निवासी कड़ियासांसी और सोहन (22)पुत्र बालकृष्ण सिसोदिया को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चंदन नगर इंदौर से चोरी किए गए ढ़ाई लाख रुपए नकद व 10 तौला सोना, भंवरकुआ इंदौर से 6.5 तौला सोना, शाहपुरा राजस्थान से 1.5लाख रुपए, रेवाड़ी राजस्थान से 30 तौला सोना और खजूरी सड़क थाना क्षेत्र से 40 तौला सोना चोरी किया गया बरामद किया, जिसकी कुल कीमत 64 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपितों को खजूरी सड़क भोपाल को सुपुर्द किया। पूछताछ पर आरोपितों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि शादी समारोह में अच्छे कपड़े पहनकर शामिल होते और दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता के बैग व सामान पर नजर रखते, मौका पाते ही सोना-चांदी से भरा बैग पार कर देते थे। कार्रवाई के दौरान एसआई राहुल रघुवंशी, एसआई रमेश जाट, आर.मुलायम, राहुल, कृष्णा, पंकज, सुमित सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।