देहरादून, 28 जून (हि.स.)। आईटीबीपी महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से मुलाकात की। इस दौरान आईजी गुंज्याल ने मुख्य सचिव को बॉर्डर आउटपोस्ट की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
आईटीबीपी महानिरीक्षक गुंज्याल ने मुख्य सचिव से सीमांत जनपदों पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और चमोली के जिलाधिकारियों से शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि वन भूमि हस्तांतरण के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण हो सके। मुख्य सचिव ने आईटीबीपी को राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसी के साथ मुख्य सचिव के आग्रह पर आईटीबीपी के चिकित्सकों की ओर से बॉर्डर के ग्रामों में निवासरत स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य चिकित्सा सुविधा देने पर सहमति बनी।
बैठक में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं देने और टेलीमेडिसिन के माध्यम से दुर्गम इलाकों को हेल्थ केयर से जोड़ने पर चर्चा की गई।
आईटीबीपी महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने बताया कि आईटीबीपी स्थानीय किसानों से प्रोक्योरमेंट करने का भी प्रयास कर रही है।