बर्गर किंग आउटलेट में हुई हत्या मामले में विजेंदर उर्फ गोगी को सात दिनों की पुलिस हिरासत

नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने राजौरी गार्डेन में 18 जून को बर्गर किंग आउटलेट में हुई हत्या मामले के आरोपित विजेंदर उर्फ गोगी को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने गोगी को कोर्ट में पेश कर हिरासत की मांग की थी, जिसके बाद कोर्ट ने सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक गोगी दो शूटरों को अपने वाहन पर लेकर राजौरी गार्डेन में बर्गर किंग के आउटलेट पर आया था। शूटरों ने 18 जून को बर्गर किंग के अंदर एक महिला के साथ बैठे हरियाणा निवासी अमन जून की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी। मृतक को 38 गोलियां लगी थीं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक अमन जून की हत्या जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना और अशोक प्रधान के बीच गैंगवार का नतीजा थी। इस मामले में अमन जून के साथ आई महिला अन्नू और दो हमलावर अभी भी फरार हैं। अन्नू और विजेंदर को गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का करीबी माना जाता है। विजेंदर हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है।

हत्या के बाद 20 जून को सोशल मीडिया पर 14 सेकंड का वीडियो लीक हुआ था। इस वीडियो में शूटर अमन को गोली मारते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में इस घटना के बाद अन्नू को रेस्टोरेंट से बाहर निकलते देखा गया है। वीडियो लीक होने के मामले में एक सब-इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पुलिसकर्मी सुभाष नगर थाने पर तैनात थे।