फतेहाबाद: विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोपी को किया गिरफ्तार
फतेहाबाद, 13 सितंबर (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सदर रतिया पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पकड़े गए युवक की पहचान विजय कुमार पुत्र चुन्नी लाल निवासी मुकेरियां, जिला होशियारपुर हाल सैक्टर-2 वैशाली, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इस मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
थाना साइबर फतेहाबाद प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस बारे 26 सितम्बर 2023 को गांव चंदो कलां निवासी बलविंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार सुखजीत सिंह, गुरमीत सिंह निवासी नंगल, मनिन्द्र सिंह एजेंट खरड़ जिला मोहाली, नवनीत सिंह एजेंट निवासी चण्डीगढ़ आदि ने उसके लडक़े आकाशदीप को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर उससे 31 लाख रुपये ठग लिए हैं और उसके लडक़े के पासपोर्ट पर फर्जी वीजा लगवाकर उसके साथ धोखाधड़ी की है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने आगामी कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
साइबर थाना फतेहाबाद से जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि इस मामले में छह आरोपियों मनिन्द्र, नवनीत, बलविन्द्र, भगवान दास, दविन्द्र व अनिल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।