झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी प्रतियोगिता परीक्षा 21 और 22 सितंबर को
-खूंटी में बनाये गये 14 परीक्षा केंद्र, तीन पालियों में होगी परीक्षा, डीसी ने दिये निर्देश
खूंटी 18 सितंबर (हि.स.)। झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी प्रतियोगिता परीक्षा 2023 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त सम्पन्न कराने को लेकर बुधवार को उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने जॉइंट ब्रीफ़िंग कर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि झारखण्ड सामान्य स्नातक योग्यताधारी प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के लिए 21 और 22 सितंबर को परीक्षा होनी है, जिसे लेकर खूंटी जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 4600 से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे। यह परीक्षा तीन पालियों में सम्पन्न होगी।
प्रथम पाली सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक, द्वितीय पाली 11.30 से 01.00 बजे और तृतीय पाली अपराह्न 03.00 बजे से 05.00 बजे तक होगी। डीसी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। कदाचार करते परीक्षार्थी पाये गये, तो नियम संगत कानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा परीक्षा के लिये प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट, एग्जामिनेशन ऑब्जर्वर, सेंटर मजिस्ट्रेट एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विभागीय निर्देशों के अनुरूप कदाचार मुक्त ढंग से परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराएं। परीक्षा केंद्र में जाने से लेकर परीक्षा के सम्पूर्ण संचालन में जारी गाईड लाईन पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित करें।
ससमय परीक्षा प्रारंभ करें। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा भी विधि व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस के जवानों को सक्रिय होकर परीक्षा के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, परियोजना निदेशक आइटीडीए, अनुमंडल पदाधिकारी खूँटी, डीसीएलआर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
—————