प्रोफेसर उपेंद्र कुमार अंतर्राष्ट्रीय गेहूं कांग्रेस में करेंगे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व
बरेली, 19 सितंबर (हि.स.) । 21 से 28 सितंबर 2024 तक ऑस्ट्रेलिया के पर्थ, में आयोजित होने वाली तीसरी अंतर्राष्ट्रीय गेहूं कांग्रेस में महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर उपेंद्र कुमार भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में दुनिया भर के अग्रणी कृषि वैज्ञानिक और शोधकर्ता भाग लेंगे, जहां गेहूं की फसल से संबंधित नवीनतम शोध और नवाचारों पर चर्चा की जाएगी।
प्रोफेसर उपेंद्र कुमार अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी महत्वपूर्ण शोध प्रस्तुति देंगे, जिसमें उन्होंने गेहूं की पोषण गुणवत्ता में सुधार के लिए किए गए अपने अद्वितीय कार्य को प्रस्तुत करेंगे। उनका शोध कार्य विशेष रूप से गेहूं के पौष्टिक गुणों को बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक दृष्टिकोणों पर आधारित है, जिससे भविष्य में खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिल सकेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में आमंत्रित किए जाने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने प्रोफेसर उपेंद्र को ढेर सारी शुभकामनाएं दी।