दुष्कर्म का फरार आरोपित मनातू का पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरफ्तार

दुष्कर्म का फरार आरोपित मनातू का पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरफ्तार

पलामू, 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मनातू मंडल अध्यक्ष रहे सतेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मनातू थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। पुलिस उसे छह माह से ढूंढ रही थी। उसे नौडीहा स्थित उसके ससुराल से बीती रात गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मनातू के थाना प्रभारी निर्मल उरांव ने बताया कि 15 अप्रैल को सतेन्द्र यादव के खिलाफ दुष्कर्म का मामला सामने आने पर वह फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद जानकारी हुई कि घटना के बाद सतेन्द्र यादव गुजरात के अहमदाबाद में रह रहा था। वहां ठिकेदार के पास मुंशी का काम कर रहा था। इधर, कुछ दिन पहले वह मनातू लौटा था और ससुराल में छुपकर रह रहा था। इसी बीच गुप्त सूचना मिलने पर उसे उसके ससुराल से गिरफ्तार किया गया।

महुआ चुनकर लौटर रही नाबालिग से किया था दुष्कर्म

सतेन्द्र यादव ने अपनी नानी के घर पढाई करने के लिए रह रही नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया था। घटना के समय नाबालिग महुआ चुनकर घर लौट रही थी। इसी क्रम में सतेन्द्र उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। प्रारंभ में गांव स्तर पर ही मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया लेकिन पीड़िता के माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं हुए और मनातू थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी।

घटना सामने आने के बाद भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोपित सह मनातू मंडल अध्यक्ष सतेन्द्र यादव को मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया था। अमित तिवारी ने पत्र में उल्लेख किया था कि मनातू मंडल अध्यक्ष पर महिला उत्पीड़न का आरोप लगा है। इसकी जांच होने तक सतेन्द्र यादव को मंडल अध्यक्ष के पद से दायित्व मुक्त कर दिया गया है।

—————