अड़की में पत्थर से कूचकर अधेड़ की हत्या

अड़की में पत्थर से कूचकर अधेड़ की हत्या

खूंटी, 3 अक्टूबर (हि.स.)। अड़की थाना की बाड़ी निजकेल पंचायत के टोला लुपुंगडीह के समीप गुरुवार सुबह एक अधेड़ ग्रामीण का शव बरामद किया गया। शव की पहचान गांव के ही विजय मुंडा (55) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार विजय मुंडा बुधवार को हॉकी मैच देखने सायको थानांतर्गत हितडीह गांव गया था। वहां से रात में वह वापस घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने जब लोवा डोभा के किनारे खून से लथपथ उसके शव को देखा, तब उसके स्वजनों एवं गांव वालों को इसकी जानकारी हुई। बाद में इसकी सूचना अड़की थाना की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पड़ताल शुरू की।

अपराधियों ने उसकी हत्या पत्थर से सिर को कूचकर की है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि हॉकी मैच देखने के बाद रात में विजय जब घर लौट रहा होगा, उसी दौरान अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध अड़की थाने में एक मामला दर्ज कर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है। समाचार भेजे जाने तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे स्वजनों को सौंप दिया गया।

—————