राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ का धरना प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा

राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ का धरना प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा

जगदलपुर, 4 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर जिले में शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ ने अपनी छह सूत्रीय मांगाें काे लेकर जगदलपुर के मंडी प्रांगण में चलाये जा रहे धरना प्रदर्शन को आज शुक्रवार काे भी जारी रहा। इस हड़ताल के कारण जिले भर की शासकीय राशन दुकानें 1 अक्टूबर से बंद हैं और 5 अक्टूबर तक बंद रहेगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनका यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है। धरने पर बैठे विक्रेता ई-पॉज़ मशीन से विशेष रूप से नाराज हैं। उनका कहना है कि इस मशीन के जरिए राशन वितरण का काम धीमा हो गया है और मशीन में बार-बार सर्वर डाउन जैसी दिक्कतें आती रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। अगर जल्द ही दोनों पक्षों में सामंजस्य नहीं बनता, तो यह धरना प्रदर्शन 5 अक्टूबर के बाद भी जारी रह सकता है।

शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ के प्रांतीय सह सचिव अजंबर सेठिया ने जानकारी दी कि अब तक उनके धरना प्रदर्शन से कुछ सकारात्मक संकेत मिले हैं। शासन ने संघ की कुछ मांगों को मानने पर सहमति जताई है, जिसमें रुकी हुई विभिन्न राशियों के शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, संघ द्वारा उठाए गए मुख्य मुद्दों में राज्य और केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित कमीशन की दरों में भिन्नता बनी हुई है। संघ ने राज्य सरकार से केंद्र सरकार के बराबर कमीशन की मांग की है, जिसके लिए शासन ने एक समिति बनाकर इस पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। संघ की ओर से बस्तर जिला अध्यक्ष रोहित नाग ने कहा है कि अगर 5 अक्टूबर तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तो उनका प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

—————