फतेहाबाद में डेंगू का कहर, अब तक 30 मरीज मिले, उपायुक्त ने सतर्क रहने को कहा
फतेहाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मौसम में बदलाव के साथ ही जिले में डेंगू के केसों की संख्या भी बढऩे लगी है। जिले में अब तक 30 लोग डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। राहत की बात यह है कि अब तक जो भी केस मिले हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ा है। डेंगू के बढ़ते केसों को देखते हुए जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने जहां लोगों से सतर्क रहने की अपील की है वहीं नगरपरिषद प्रशासन ने भी शहर में फोगिंग का काम शुरू कर दी है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बुधवार को जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सर्दी के मौसम को देखते हुए मलेरिया व डेंगू से बचाव के लिए सजग व सतर्क रहना होगा। इसके साथ ही नागरिक अतिरिक्त सावधानी बरते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालना करें और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच करवाते रहे। उपायुक्त ने कहा कि डेंगू एक वायरल बुखार है जोकि मादा ऐडीज मच्छर के काटने से होता है।
यह मच्छर दिन में काटता है व रूके हुए साफ पानी में ही पनपता है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह जलभराव एवं गंदगी होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे मच्छर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू आदि के संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में घर के आस-पास एवं घर के अन्दर मच्छरों के पनपने के स्थान या घरों के आस-पास होने वाले जल जमाव, गमले एवं पशु-पक्षियों के पानी पीने के पात्र एवं घरों की छतों पर रखी अनुपयोगी वस्तुओं का समुचित निस्तारण किया जाना अति आवश्यक है।
