आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे की माैत, पुलिस जांच में जुटी

आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे की माैत, पुलिस जांच में जुटी

गरियाबंद/रायपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की माैत हाे गई है। शोभा थाना क्षेत्र के टांगरान जंगल में आज शनिवार दोपहर एक चरवाहे की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के शव को ट्रैक्टर से जंगल से बहार निकाला गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची शोभा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर भेज दिया है।

उल्लेखनीय है कि मृतक की पहचान संजय मरकाम के रूप में हुई, जो भाटापानी गांव का निवासी और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना दोपहर 3 बजे की है, इस दौरान संजय और अन्य 6 चरवाहे अपने मवेशियों को चराने जंगल गए हुए थे। तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए सभी चरवाहे अलग-अलग पेड़ों के नीचे छुप गए, लेकिन जिस पेड़ के नीचे संजय छिपा था उस पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम और राजस्व अमला मौके पर पहुंचे। शव को ट्रैक्टर की मदद से राजपड़ाव पीएम सड़क के कोकड़ी गांव तक लाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर भेजा और मामले की जांच में जुट गई।

—————