फतेहाबाद:फसल अवशेष प्रबंधन ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 16 को नोटिस
फतेहाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिला फतेहाबाद में अब तक हरसेक व अन्य स्त्रोत से आई हुई आगजनी की घटनाओं में से 23 किसानों पर 57 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है व 19 हरसेक लोकेशनों की रेड एंट्री भी कर दी गई हैं। फसल अवशेष प्रबंधन के तहत ड्यूटी में लापरवाही बरतने व कार्य में रूचि ना लेने के कारण कुल 16 नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है इसमें से 12 ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारी व 3 खंड स्तरीय निगरानी अधिकारी व 1 खंड स्तरीय एएफएल कमेटी अधिकारी शामिल है। इन पर विभागीय कार्यवाही की अनुसंशा भी की गई है। इसके अलावा राजस्व विभाग के तीन पटवारियों को भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने बारे कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है।
डीडीए डॉ.राजेश सिहाग ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार खेतों में पराली जलाने की घटना में किसान या किसी भी व्यक्ति की संलिप्ता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआइआर दर्ज की जाएगी। इसी कड़ी में भूना खंड के गांव खासा पठाना व नहला तथा रतिया खंड के गांव हुकमावाली में हरसेक लोकेशन व मौके पर पाई गई आगजनी के आधार पर संबंधित थाना में 3 एफआइआर भी दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस किसान के फार्म में रैड एंट्री दर्ज होगी, उस किसान की आगामी सीजन में मंडियों में एमएसपी पर फसल भी नहीं खरीदी जाएगी।
कोई भी किसान पराली में आगजनी की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दे सकता है ताकि मामले में त्वतरित कारवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जिला में आगजनी की घटनाओं की मॉनिटरिंग हेतू संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में उप मंडल वाइज टीमें भी गठित की गई है, जिसमें तहसीलदार, बीडीपीओ, एसडीओ (पंचायती राज), संबंधित थाना प्रभारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी शामिल है। सभी 217 गांव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है। सभी खंड स्तर व उप मंडल स्तर पर अधिकारियों की टीमों का गठन करते हुए आगजनी की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने किसानों से अपील भी की है कि वे अपने खेतों में धान की पराली की गांठ बनाकर गौशाला, बिजली प्लांट तथा पंचायती जमीन पर इसका भंडारण करके सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीम के तहत 1000 रुपये प्रति एकड़ का लाभ उठाएं। सरकार द्वारा जो 1000 रुपये प्रति एकड़ का प्रोत्साहन दिया जाना है वह केवल उन्हीं किसानों को दिया जाएगा जो किसान विभाग के पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एग्रीहरियाणासीआरएम डॉट कॉम पर अपना पंजीकरण करेगा जिसकी अंतिम तिथि 30 नंबवर 2024 है।