कोडरमा में 429 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना 

कोडरमा में 429 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना 

कोडरमा, 12 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा आम निर्वाचन, 2024 के निमित्त 13 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए पोलियां पार्टियां आज मंगलवार को कोडरमा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाये गये डिस्पैच सेंटर से अपने-अपने मतदान सामग्रियों के साथ आवंटित पोलिंग बूथों के लिए रवाना हो गईं। कुल 429 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया, जहां मतदान कर्मियों के बीच ईवीएम, वीवीपैट, कंट्रोल यूनिट और सभी तरह के प्रपत्र देकर उन्हें निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की जिम्मेदारी सौंपकर बूथों के लिए रवाना किया गया।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज डिस्पैच सेंटर पहुंचकर खुद सारी व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग की और मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश के साथ चुनाव आयोग के गाइडलाइन से अवगत कराया गया। पोलिंग पार्टियों को सुरक्षित माहौल में त्रुटिरहित निर्वाचन संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आपसी समन्वय रखते हुए एक-दूसरे की सुरक्षा, आपात स्थिति में निर्णय लिये जाने, ससमय मतदान कराने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सूचित करें। इधर सामान्य प्रेक्षक माल सिंह भयडिया ने माइक्रो ऑब्जर्वर को संबोधित करते हुए कहा कि ससमय मतदान प्रक्रिया संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

विधानसभा आम निर्वाचन, 2024 अंतर्गत मतदान 13 नवंबर को सुबह सात बजे से प्रारंभ होगा। 19-कोडरमा विधानसभा क्षेत्र में कुल 429 बूथ हैं, जहां सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर 19 कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 82 सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 18 क्लस्टर बनाये गये हैं। 36 माईक्रोऑब्जर्वर प्रतिनियुक्त किये गये हैं।

—————