फतेहाबाद : मोबाइल फोन हैक कर दो युवकों के खाते से हजारों रुपये निकाले, केस दर्ज
फतेहाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगों द्वारा जिले में दो युवकों के मोबाइल फोन को हैक कर ठगों ने उनके खातों से हजारों रुपये निकाल दिए।
दोनों मामलों में वीरवार को जिला पुलिस द्वारा केस दर्ज किया गया है। पहले मामले में भूना पुलिस को दी शिकायत में गांव चौबारा निवासी सत्यवान सिंह ने कहा है कि वह प्राइवेट कम्पनी में एग्रीकल्चर में डॉक्टर है। उसके साथ साइबर ठगों द्वारा 42234 रुपये का फ्रॉड किया गया है। उसके एचडीएफसी बैंक अकाउंट से 10234 रुपये जबकि आईसीआईसीआई बैंक अकाउंट से 32 हजार रुपये निकाले गए है। शिकायतकर्ता के अनुसार एक अक्टूबर को वह अपने घर पर था तो उसके मोबाइल फोन पर बैंक की तरफ से एक रिवार्ड प्वाइंट का मैसेज आया। जब उसने रिवार्ड प्वाइंट लेने के लिए क्लिक किया तो उसके फोन में एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गई, जिससे उसका फोन हैक हो गया।
इस दौरान उसके क्रेडिट कार्ड से अपने आप रुपये कटने लगे। साथ ही साथ ओटीपी भी आ रहे थे। इस दौरान उसके फोन का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था।
देखते ही देखते उसके दो बैंक खातों से 42234 रुपये निकल गए। बाद में उसने इस बारे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई।
दूसरे मामले में बरवाला में अनुदेशक के पद पर कार्यरत एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर अज्ञात ठगों ने उसके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। ढाणी सांचला, भोजराज निवासी राजकुमार ने कहा है कि वह बरवाला में अनुदेशक के पद पर कार्यरत है।
कुछ दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिस पर एक महिला बोल रही थी। महिला ने कहा कि उसने एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड अप्लाई करना है, जिस पर उसने हां कर दी। इसके बाद उसने उसके पास एक लिंक भेजा। जब उसने उस लिंक पर क्लिक किया तो उसके मोबाइल में एक्सिस बैंक के नाम से एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गई और उसका फोन हैक हो गया। इस दौरान उसके क्रेडिट कार्ड से अपने आप रुपये कटने लगे और साथ ही ओटीपी भी आ रहे थे। इस तरह अज्ञात ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड से 28058 रुपये निकाल लिए।