खूंटी और तोरपा सीटों से विनर और रनर को लेकर धुंध बरकरार
खूंटी, 22 नवंबर (हि.स.)। अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से विधायक बनने की उम्मीद पाले दलीय और निर्दलीय उम्मीदवारों की किस्मत का ताला खुलने में महज चंद घंटे रह गए है। 23 नवंबर को यह साफ हो जाएगा किसके सितारे बुलंद हैं। इन दोनों सीटों पर विनर और रनर को लेकर अब भी धुंध बरकरार है। कोई भी राजनीतिक दल या राजनीति के जानकारी इन दोनों सुरक्षित सीटों के बारे में कुछ कहने की स्थिति में नहीं है।
इस क्षेत्र की राजनीति में गहरी पकड़ रखने वाले और पिछले तीन दशकों से रानीति में सक्रिय रहे संतोष जायसवाल और धरमेंद्र कुमार सहित अन्य लोग भी इतना ही कहते हैं कि खूंटी और तोरपा में 23 नवंबर को या तो कमल खिलेगा या फिर तीर धनुष अपना जलवा दिखाएगा, यह कहना मुश्किल है। चाय की दुकानों में चाय की चुस्कियां के बीच चुनाव के परिणाम को लेकर मानो लोगों में जंग छिड़ गई है। एक ओर भाजपा समर्थक दोनों सीटों पर कमल खलने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थक परिणाम को लेकर काफी उत्साहित हैं।
लोग इस बात का कयास लगाने में मगन हैं कि पिछले पांच चुनाव से लगातार जीत का सेहरा अपने सिर पर बांधने वाले भाजपा के विधायक और खूंटी के चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे नीलकंठ सिंह मुंडा क्या अपनी साख बचा पाएंगे या खूंटी विधानसभा सीट पर कोई नया इतिहास लिखा जाएगा। तोरपा विधानसभा सीट से भी जहां एक ओर तीन बार विधायक रहे भाजपा प्रत्याशी कोचे मुंडा के समक्ष प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती है। दूसरी ओर झामुूमो समर्थक इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि इस बार तीर धनुष अपना कमाल दिखाएगा।
उल्लेखनीय है कि खूंटी और तोरपा विधानसभा सीटों पर झामुमो और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। खूंटी से भाजपा के नीलकंठ सिंह मुंडा और झामुमो के राम सूर्या मुंडा सहित 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि तोरपा में भाजपा के कोचे मुंडा और झामुमो के सुदीप गुड़िया सहित 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।वोटों की गिरती 23 नवंबर को बिरसा कॉलेज खूंटी में बनाये गये मतगणना केंद्र पर होगी। सुबह आठ बजे से बैलेट पेपर से हुए मतदान की गणना होगी और सुबह साढ़ आठ बजे से इवीएम के मतों की गिनती की जायेगी। तोरपा विधानसभा के वोटों की गिनती 13 राउंड में और खूंटी विधानसभा क्षेत्र की गणना 15 राउंड में होगी। दोपहर 12 बजे तक रुझान आना शुरू हो जायेगा।
—————