फतेहाबाद : बाबा बंदा सिंह बहादुर का जीवन सबके लिए प्रेरणादायक : सुभाष बराला
फतेहाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। महान अमर शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की पावन याद में समर्पित भूना गुरुद्वारे में 78वां वार्षिक दीवान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और सबके सुख समृद्धि की अरदास की।
सांसद सुभाष बराला ने रविवार काे संगत को संबोधित करते हुए कहा कि मन से संत और कत्र्तव्य से योद्धा बाबा बन्दा सिंह जी ने ज्ञान व रणकौशल का विलक्षण परिचय दिया और मुगल आक्रान्ताओं के हौंसले पस्त किए। किसानों के हितों और उनकी रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष किया और अपने शौर्य व पराक्रम से उन्हें भयमुक्त किया। बराला ने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर का बलिदान राष्ट्र और समाज की एकता हेतू हम सबके लिए राष्ट्र सेवा की बहुत बड़ी प्रेरणा है। हमें उनके जीवन चरित्र से देश और समाज सेवा की सीख लेकर सेवा के क्षेत्र में आगे बढऩे की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर हमारे समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह न करके समाज की परवाह की और बाहरी आक्रमणकारियों से बचाने के लिए बलिदान दिया। उनकी सेवा में समाज के हर वर्ग के लोग शामिल थे, जिन्होंने अपने देश की रक्षा के लिए कई लड़ाईयां लड़ी। आक्रांताओं को कई बार देश से बाहर भगाने का काम किया। उन्होंने किसानों को उनका जमीनी हक दिलवाने का काम किया। बदलते परिवेश में देखा जाए तो उनका बलिदान हम सबके लिए नया जज्बा और जोश भरने का काम करता है। वर्तमान और भावी पीढ़ी को भी चाहिए कि वे ऐसे योद्धाओं का साहित्य अपने घरों में रखें, ताकि उनके जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के सेवा के नए अध्यायों का सूत्रपात कर सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम में गद्दी नशीन बाबा जतिंदर पाल सिंह सोढी, पूर्व सांसद तरुण विजय, गुलशन हंस, ऑल इंडिया बाबा बंदा सिंह बहादुर संप्रदाय के राष्ट्रीय प्रधान डॉ. शिव शंकर पाहवा, डेरा साहब (रियासी) प्रधान दर्शन रेवड़ी, दीवान कमेटी प्रधान गुलशन हंस, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी कुरुक्षेत्र के सदस्य महेंद्र सिंह वधवा, राजेंद्र खट्टर, सचिव पंकज खट्टर, महेश हंस आदि गणमान्य जन उपस्थित रहे।