शंभू बॉर्डर पर धरने के समर्थन में उतरे किसान संगठन , दिया ज्ञापन
बिजनौर ,20 दिसम्बर ( हि.स.) । राष्ट्रीय किसान यूनियन के पदाधिकारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दयाराम सिंह ने कहा कि पिछले 24 दिनों से पंजाब खनोरी बॉर्डर पर आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह की मांगें सरकार को माननी चाहिए। राष्ट्रीय किसान यूनियन पूर्ण रूप से जगजीत सिंह का समर्थन कर रही है। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र धनखड़ ने कहा कि इस विषय पर रणनीति बनाकर जल्दी जनपद की पांचों तहसीलाें में प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर भूपेंद्र चहल, अनिल कुमार व वीरेंद्र सिंह आदि किसान शामिल रहे। इसी क्रम में दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरने को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने कलेक्ट्रेट में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। संगठन के 11 पदाधिकारी सुबह 10 बजे भूख हड़ताल पर बैठे, जो शाम 4 बजे तक भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि हरियाणा पंजाब के बॉर्डर पर सरदार जगजीत सिंह भूख हड़ताल पर हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सरकार जल्द से जल्द पुनः किसानों से बातचीत करें ताकि सरदार जगजीत सिंह का जीवन बचाया जा सके अन्यथा किसान सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होगा। इस मौके पर कृष्ण पाल सिंह, संजय सिंह, मुनेंद्र सिंह, राकेश कुमार, आकाश डबास, वेदपाल सिंह मलिक, छोटन सिंह, विकास, रोहित कुमार, मुस्तकीम व महफूज आदि मौजूद रहे।