गेस्ट टीचर पॉलिसी सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा विधायकों का प्रदर्शन
धर्मशाला, 20 दिसंबर (हि.स.)।हिमाचल विधानसभा सत्र के तीसरे दिन भाजपा विधायकों ने सत्र शुरू होने से पूर्व गेस्ट टीचर पॉलिसी सहित आउटसोर्स कर्मचारियों को बहाल करने जैसे मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी सदस्यों द्वारा सदन में जाने से पहले ही हाथों में तख्तियां लेकर ओपोज़िशन लॉंज से लेकर विधानसभा के मुख्य द्वार के बाहर तक विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने, गेस्ट टीचर पॉलिसी को वापस लेने, निकाले गए आउटसोर्स कर्मचारियों को दोबारा नियुक्ति देने और करुणा मूलक आधार पर नौकरियों का प्रबंध करने जैसी मांगों को लेकर भाजपा विधायकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में नौकरियां देने का ऐलान किया था। कांग्रेस सरकार ने जहां 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था वहां सत्ता में आते ही आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर निकाल। प्रदेश में खाली पड़े करीब डेढ़ लाख पदों को निरस्त कर दिया ऐसा कर सरकार ने हिमाचल के युवाओं को बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक किया है। इतना ही नहीं सरकार ने अब गेस्ट टीचर भर्ती करने का ऐलान कर भी युवाओं के साथ छल किया है। जयराम ठाकुर में कहा कि युवाओं की आवाज बनकर भाजपा ने अपना विरोध प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं की लड़ाई सदन के अंदर भी लड़ी जाएगी और बाहर भी। कांग्रेस सरकार की गारंटीयों की एक-एक करके पोल खोल जा रही है और भाजपा युवाओं की आवाज बनकर विधानसभा के अंदर और बाहर प्रदर्शन करेगी।