भाजपा ने निकाय चुनाव में इकतरफा जीत का किया दावा

भाजपा ने निकाय चुनाव में इकतरफा जीत का किया दावा

देहरादून, 30 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के नामांकन पर संतोष व्यक्त करते हुए इकतरफा जीत का दावा किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश की तरह अधिकांश निकायों में भी भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष समेत सभी निकाय सदस्य उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक नामांकन दाखिल कर दिया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने शहरी क्षेत्रों की आधारभूत संरचनाओं और आम लोगों के जीवन में अभूतपूर्व सुधार किए हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछली बार के निकाय चुनावों में 9 में से 7 महापौर भाजपा के थे और अधिकांश सीटें पार्टी ने जीती थीं। इस बार पहले से बेहतर माहौल भाजपा के पक्ष में है, और पार्टी को सभी निगम महापौर समेत अधिकांश निकायों में विजय प्राप्त होगी।

भट्ट ने कहा कि पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से पार्टी के निर्णय को स्वीकार किया है। जहां कुछ सदस्यों ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया है, उन पर चर्चा की जाएगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि तक वे पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में खड़े हो जाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि डबल इंजन सरकार के कामों और जनता के विश्वास को आधार बनाकर सभी उम्मीदवारों को अधिक से अधिक समर्थन और आशीर्वाद दिलाने का प्रयास करें।