सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की डिजिटल प्रदर्शनी में ‘विकास और विरासत भी’
-डिजिटल प्रदर्शनी में सभी आयु वर्ग के दर्शनार्थियों का आगमन
महाकुम्भ नगर, 19 जनवरी (हि.स.)। महाकुम्भ में त्रिवेणी मार्ग पर प्रदर्शनी परिसर में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एकता के महाकुम्भ में ’जन भागीदारी से जन कल्याण’ और भारत सरकार की विगत 10 वर्षों में उपलब्धियों, कार्यक्रमों, नीतियों एवं योजनाओं पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में श्रद्धांलुओं ने देखा और ज्ञानवर्धक बताया।
कुम्भ मेला क्षेत्र में 13 जनवरी से शुरू एनामॉर्फिक वाल, एलईडी टीवी स्क्रीन, एलइडी वाल, होलोग्राफिक सिलेंडर के माध्यम से विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली डिजिटल प्रदर्शनी में सभी आयु वर्ग के दर्शनार्थियों का आगमन हो रहा है। यह प्रदर्शनी विकास के साथ-साथ विरासत को भी प्रदर्शित कर रही है।
प्रदर्शनी में उज्जैन महाकाल कॉरिडोर, सोमनाथ मंदिर कॉरिडोर, करतारपुर साहिब कॉरिडोर, आयोध्या धाम और प्रस्तावित बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर, श्री गुरु गोविन्द सिंह का 350वां प्रकाश पर्व, श्रीगुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व के चित्र प्रदर्शित हैं, जो दर्शकों को खूब भा रहे हैं। दर्शक प्रदर्शनी में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप की डिजिटल प्रदर्शनी के साथ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय एवं प्रकाशन विभाग के स्टाल का भी अवलोकन कर रहे हैं। दर्शकों को सभी योजनाओं के साथ-साथ नारी सशक्तिकरण एवं अन्य योजनाओं की जानकारी डिजिटल प्रदर्शनी के माध्यम से मिल रही है।
—————