पुरुष वर्ग में अर्शदीप और महिला वर्ग में अमेलिया केर को टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024 का अवार्ड
दुबई, 25 जनवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को आईसीसी अवार्ड्स 2024 में पहले व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पुरुष वर्ग और महिला वर्ग में न्यूजीलैंड की स्टार ऑलराउंडर अमेलिया केर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024 के लिए चुने गएहैं।
अर्शदीप सिंह ने यह पुरस्कार जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुझे आईसीसी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024 का पुरस्कार जीतकर खुशी हो रही है। खेल का सबसे छोटा प्रारूप गेंदबाजों के लिए कई चुनौतियां पेश करता है, लेकिन मैं इसे अपने कौशल का परीक्षण करने और अपनी टीम के लिए गेंद से सफलता प्रदान करने के अवसर के रूप में देखता हूं।
भारतीय तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि 2024 वास्तव में मेरे लिए एक शानदार वर्ष था। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 जीतना अद्भुत था। मुझे खुशी है कि मैं अपने देश के लिए एक सफल और यादगार विश्व कप अभियान में योगदान दे सका। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने से बड़ी कोई प्रेरणा नहीं है। मैं आगे की यात्रा के लिए बेहद उत्साहित हूं और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्सुक हूं।
अमेलिया केर ने कहा कि आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीतना बहुत बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुझे व्हाइट फर्न्स द्वारा दी गई जिम्मेदारी और मेरे आस-पास मौजूद टीम के साथी जो मेरा समर्थन करते हैं, बहुत पसंद है और यह एक ऐसी टीम है जिसके लिए खेलना मुझे पसंद है।
अर्शदीप के लिए यादगार रहा साल 2024-भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का टी20 फॉर्मेट में प्रदर्शन शानदार रहा है। पिछले कुछ वर्षों से अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में भारतीय क्रिकेट टीम में मुख्य तेज गेंदबाज की भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रारूप में वह साल 2024 में भारतीय टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। साल 2024 में उन्होंने कुल 18 टी20 मैच खेले और 13.5 के औसत से कुल 36 विकेट अपने नाम किए। आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भी अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को खिताब जीताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फाइनल में खिताब के लिए 177 रनों का बचाव करते हुए उन्होंने जसप्रीत बुमराह का पूरा साथ दिया था और मैच के 19वें ओवर में सिर्फ 4 रन ही दिए थे। इसके चलते भारतीय टीम लक्ष्य को बचाने में कामयाब रही थी।
अर्शदीप सिंह ने 61 टी20 मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान तेज गेंदबाज ने 17.91 की एवरेज और 8.25 की इकॉनमी से 97 विकेट अपने नाम किए। इस फॉर्मेट में अर्शदीप सिंह का बेस्ट बॉलिंग फिगर 9 रन देकर 4 विकेट है।
पहले टी20 विश्व कप खिताब जीतवाने में केर का अहम योगदान-न्यूजीलैंड महिला टीम को पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतवाने में अमेलिया केर का अहम योगदान रहा। उन्होंने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में शानदार 43 रन की पारी खेली। वहीं 4 ओवर में 24 रन देते हुए अहम तीन विकेट लिए। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड महिला टीम पहली बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाने में कामयाब रही। ओवरऑल न्यूजीलैंड की प्रमुख ऑलराउंडर खिलाड़ी ने 2024 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने व्हाइट फर्न्स के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष में 18 मैचों में 387 रन बनाए और 15.55 की औसत से 29 विकेट लिए।
—————