केजरीवाल के बयान पर भड़की भाजपा, फतेहाबाद में प्रदर्शन करके फूंका पुतला
फतेहाबाद, 28 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल व दिल्ली की सीएम आतिशी द्वारा हरियाणा सरकार व हरियाणा वासियों पर यमुना में जहर घोलने के निराधार आरोप लगाने को लेकर भाजपाईयों में रोष है। इसको लेकर आज फतेहाबाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा के नेतृत्व में लाल बत्ती चौक स्थित अम्बेडकर पार्क में धरना किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य, हरियाणा सरकार के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढ़ा विशेष तौर पर मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविन्द केजरीवाल व सीएम आतिशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा केजरीवाल का पुतला भी फूंका। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने कहा कि दिल्ली चुनावों में राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए आप सुप्रीमो केजरीवाल ने औच्छा ब्यान दिया है कि हरियाणा की बीजेपी सरकार व हरियाणावासी यमुना नदी में जहर घोल रहे हैं, जबकि पूरे देश को पता है कि दिल्ली में यमुना नदी की दुर्दशा का कारण खुद दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार है। करोड़ों का बजट होने के बावजूद भी दिल्ली की आप सरकार यमुना को स्वच्छ ना कर पाई तो चुनावी दिनों में ठीकरा हरियाणावासियों के सिर पर फोडऩे चली। आम आदमी पार्टी की सरकार ने यह दावा किया था कि करोड़ों के बजट से यमुना नदी की सफाई करवाई गई है, लेकिन वास्तव में यमुना नदी के सफाई के नाम पर करोड़ों रुपयों का घोटाला हुआ है, जो जग जाहिर है। ग्रोहा ने कहा कि केजरीवाल के इस औच्छे ब्यान से बीजेपी व हरियाणावासियों में भारी रोष है। इतना ही नहीं दिल्ली की सीएम आतिशी ने हरियाणा के ओबीसी समाज से आए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निराधार व घटिया आरोप लगाकर हरियाणावासियों को ठेस पहुंचाने का काम किया है। दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी को मुंह की खानी पड़ेगी। स्वार्थ के लिए घटिया राजनीति करने वाले आप नेताओं को इस बार जनता आईना दिखाएगी। इस बार दिल्ली के चुनावों में भाजपा की प्रचण्ड जीत होगी।